

"सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मंत्री डॉ. नीरा यादव ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है।"
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लगाने पहुंची एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस संवेदनशील घटना को लेकर झारखंड की पूर्व मंत्री और कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पर तीखा हमला बोला है। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि थाने जैसी सुरक्षित जगह पर पुलिसकर्मी द्वारा महिला पर दुष्कर्म का आरोप लगना पूरे झारखंड को शर्मसार करने वाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य में 'रक्षक ही भक्षक' बन जाएंगे, तो महिलाएं सुरक्षा की उम्मीद आखिर किससे करेंगी?


घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। भाजपा ने घोषणा की है कि रविवार शाम को झारखंड के सभी 595 सांगठनिक मंडलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया जाएगा। पूर्व मंत्री नीरा यादव ने मांग की कि पीड़िता को त्वरित न्याय मिलना चाहिए और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में ध्वस्त कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, महिला आयोग में अध्यक्ष का पद खाली रहने, घुसपैठ और बढ़ते अपराधों के मुद्दों पर भी हेमंत सरकार को घेरा। इस दौरान उनके साथ भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी मौजूद रहीं।






