

"अमेरिका के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से 1 अरब बैरल से अधिक क्रूड ऑयल सुरक्षित निकाला गया है और ईरान का तेल निर्यात शून्य हो गया है।"
ईरान के साथ जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर अमेरिका ने एक बड़ा और अहम दावा किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान अमेरिकी सुरक्षा के बीच 1 अरब बैरल से ज्यादा क्रूड ऑयल होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकाला गया है।
एडमिरल कूपर के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया के दौरान 2,000 से अधिक कमर्शियल जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया है, जिन्हें अमेरिकी सेना द्वारा कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया है कि जलडमरूमध्य के मुख्य शिपिंग लेन से समुद्री खदानों (sea mines) को सफलतापूप्र्व साफ कर दिया गया है ताकि नेविगेशन सुरक्षित हो सके।

सेंटकॉम कमांडर ने आगे दावा किया है कि नाकाबंदी दोबारा लागू होने के बाद से ईरान ने एक भी बैरल कच्चे तेल का निर्यात नहीं किया है। अमेरिका का कहना है कि इसके बावजूद खाड़ी देशों से निकलने वाले तेल और अन्य व्यावसायिक कार्गो की आवाजाही होर्मुज के रास्ते लगातार जारी है, जिससे वैश्विक आपूर्ति प्रभावित न हो।
गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल शिपिंग मार्गों में से एक है। यहां किसी भी प्रकार के लंबे व्यवधान का असर सीधे तौर पर ग्लोबल क्रूड ऑयल सप्लाई और इंटरनेशनल एनर्जी मार्केट पर पड़ सकता है, हालांकि विशेषज्ञ मौजूदा ट्रैकिंग डेटा के आधार पर स्थिति पर बारीक नजर बनाए हुए हैं।
