

"उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पोस्टर वार तेज हो गया है। लखनऊ समेत कई जिलों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और माफिया की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए गए हैं।"
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में एक बार फिर सियासी पोस्टर वार तेज हो गया है। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए ये पोस्टर लगाए गए हैं, जिससे राज्य की राजनीति गरमा गई है।
इन पोस्टरों में माफिया अतीक अहमद, पूर्व मंत्री आजम खान और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें छपी हुई हैं। पोस्टरों पर 'आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार' और 'अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश' जैसे तीखे स्लोगन लिखे गए हैं, जिनके जरिए पिछली सपा सरकार पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए गए हैं।

यह पोस्टरबाजी केवल लखनऊ तक सीमित नहीं है, बल्कि रिपोर्टों के मुताबिक उन्नाव, इटावा, सीतापुर, बरेली, मेरठ, आजमगढ़ और गाजीपुर जैसे विभिन्न जिलों में भी ऐसे होर्डिंग देखे गए हैं। इस पूरे अभियान को 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' थीम से भी जोड़ा जा रहा है, जिससे राजनीतिक पारा चढ़ गया है।
बता दें कि यूपी में इससे पहले भी अखिलेश यादव के कार्यकाल को लेकर इस तरह के पोस्टर सामने आते रहे हैं। हालांकि, हाल ही में लगाए गए इन नए पोस्टरों के पीछे किस राजनीतिक दल या संगठन का हाथ है, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
No similar articles found.