

"जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में दो पुलिसकर्मियों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों एक कार के अंदर बेहोश मिले थे, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया।"
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मंगलवार देर शाम बटोटे तहसील के सना इलाके में जियारत मोड़ के पास दो पुलिसकर्मियों के शव एक कार के अंदर मिले। स्थानीय लोगों ने जब उन्हें बेहोशी की हालत में देखा, तो तुरंत इसकी सूचना दी और दोनों को जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद और सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मोहम्मद याकूब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ये दोनों पुलिसकर्मी रामबन की डिस्ट्रिक्ट पुलिस लाइंस (DPL) में तैनात थे और उनकी अचानक इस तरह हुई मौत से पुलिस विभाग में शोक और हैरानी का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुरुआती दौर में दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है और पुलिस हर एंगल से इस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को आवश्यक मेडिकल-लीगल औपचारिकताओं के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।


