

"धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र के एकड़ा में जमीन से अचानक धुआं निकलने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। यह इलाका पुराने कोयला खनन से जुड़ा बताया जा रहा है।"
धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र के एकड़ा इलाके में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जमीन के एक हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बीसीसीएल प्रबंधन को दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक स्थानीय लोगों का दावा है कि बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस स्थान से धुआं निकल रहा है, वहां पहले बीसीसीएल द्वारा कोयला खनन का कार्य किया जाता था। स्थानीय निवासियों का यह भी दावा है कि खनन के बाद इस जगह को बालू से भरा गया था, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से लोग डरे हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश के बाद जमीन के नमी वाले हिस्सों से पहले भी इस प्रकार का धुआं निकलता देखा गया है। हालांकि, इस धुएं के निकलने का असली कारण क्या है, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। धनबाद के कोयला क्षेत्रों में भूमिगत आग और भू-धंसान की घटनाएं पहले भी चिंता का विषय रही हैं।
एकड़ा में हुई इस घटना के बाद लोगों को डर सता रहा है कि कहीं यह भूमिगत आग या बड़े भू-धंसान का संकेत तो नहीं है। फिलहाल पूरे मामले पर विशेषज्ञों और बीसीसीएल की आधिकारिक जांच का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।





