

"मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में भाग लेकर अपना फॉर्म भरा और सभी पात्र मतदाताओं से समय पर सत्यापन कराने का आह्वान किया।"
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को खुद इस प्रक्रिया का हिस्सा बने। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उन्होंने अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया और राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते सत्यापन कराने की अपील की।
मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना SIR फॉर्म भरकर अभियान में भागीदारी का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसे सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की बुनियाद है। इसलिए सभी पात्र मतदाता तय समय सीमा के भीतर अपना SIR फॉर्म भरें और मतदाता सूची में दर्ज अपनी जानकारी का सत्यापन जरूर कराएं।
हेमंत सोरेन ने लोगों से यह भी अपील की कि वे सिर्फ अपना फॉर्म भरने तक सीमित न रहें, बल्कि परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी मजबूत होगी, जब हर पात्र नागरिक मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज होगा और मतदान के अपने अधिकार का इस्तेमाल कर सकेगा।
राज्यभर में चल रहे SIR अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि भविष्य में किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने या गलत जानकारी दर्ज होने जैसी समस्या न हो।
मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





