

"झारखंड के गिरिडीह में पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड के जरिए लोगों को ठगने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल, सिम कार्ड और iPad बरामद किए गए हैं।"
झारखंड के गिरिडीह में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गांडेय थाना क्षेत्र से पुलिस ने दो ऐसे साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी सिम कार्ड का उपयोग कर खुद को RTO अधिकारी और डॉक्टर बताकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मो. कैफ अंसारी (21) और मो. इरशाद अंसारी (19) के रूप में हुई है, जो बक्सीगरजा गांव के निवासी हैं। प्रेस वार्ता में साइबर डीएसपी आर.के. राणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पुनईडीह गांव के एक क्षतिग्रस्त भवन से साइबर गिरोह सक्रिय है।

पुलिस की छापेमारी टीम ने मौके से 6 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, एक iPad और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपी लोगों को चालान जमा करने या डॉक्टर की अपॉइंटमेंट के नाम पर झांसा देकर पैसे ऐंठते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी सिम उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।





