

"झारखंड की राजधानी रांची के इटकी थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने एक अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में विदेशी शराब और पैकेजिंग का सामान बरामद हुआ है।"
झारखंड की राजधानी रांची में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने इटकी थाना क्षेत्र के नारी गांव में एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ-साथ शराब की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली तमाम सामग्रियां बरामद की गई हैं। उत्पाद विभाग की टीम को मौके से शराब के नकली लेबल, स्टिकर, कॉर्क, ढक्कन, सीलिंग मशीन और बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी मिली हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध शराब को बोतलबंद करने के लिए किया जा रहा था.

कार्रवाई की भनक लगते ही कथित तौर पर इस मिनी शराब फैक्ट्री का संचालन करने वाले मुख्य आरोपी सुरेंद्र साहू और विजय साहू मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। उत्पाद विभाग की टीम अब दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
यह पूरी कार्रवाई सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देशानुसार उत्पाद पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में की गई है। फिलहाल, उत्पाद विभाग द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और बरामद सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की उम्मीद है।





