

"झारखंड के रामगढ़ में रांची-पटना फोरलेन पर हाईवा की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे को जाम कर दिया, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा।"
झारखंड के रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत रांची-पटना फोरलेन पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। बौंगाबार स्थित राजवीर होटल के पास एक अनियंत्रित 10 चक्का हाईवा ने ट्रैक्टर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोबर लदा हुआ एक ट्रैक्टर फोरलेन से गुजर रहा था, तभी उसी दिशा में चल रहे हाईवा ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर सवार लगभग 50 वर्षीय गंगाजल महतो (निवासी छोटकी पोना) संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रहे हाईवा ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।

घटना से गुस्साए मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने शव को सड़क के बीचों-बीच रखकर रांची-पटना फोरलेन को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। इस दौरान सफर कर रहे आम राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मामले की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया है। कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है और फरार हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी है।





