

"झारखंड के हजारीबाग में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार तड़के दो ठिकानों पर छापेमारी की। सुरक्षा बलों की मौजूदगी में घंटों दस्तावेजों की पड़ताल की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।"
झारखंड के हजारीबाग जिले में बुधवार सुबह करीब चार बजे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ दो ठिकानों पर छापेमारी की। शहर के बाबा पथ स्थित सुभाष बारला गली में हुई इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर भारी हलचल मच गई। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने हथियारबंद सुरक्षा बलों के साथ उदय साव और प्रदीप साव नामक रिश्तेदारों के घरों पर दबिश दी और घंटों तक दस्तावेजों व अन्य कागजातों की बारीकी से पड़ताल की।


सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान एनआईए की टीम अपने साथ एक व्यक्ति को भी ले गई है, हालांकि एजेंसी की ओर से अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि उसे हिरासत में लिया गया है या पूछताछ के लिए ले जाया गया है। शुरुआती चर्चाओं में इस कार्रवाई को मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फंडिंग से जोड़ा जा रहा है, और संबंधित लोगों के ट्रांसपोर्टिंग कारोबार से जुड़े होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल एक ठिकाने पर जांच पूरी कर टीम लौट चुकी है, जबकि दूसरे स्थान पर तलाशी अभियान अभी भी जारी है।






