

"झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में NH-220 पर रोला-खैरबनी मोड़ के पास देर रात ट्रेलर और हाइवा की आमने-सामने टक्कर से लगी आग में दो चालकों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।"
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो लोगों की जान ले ली। राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (NH-220) पर रोला-खैरबनी मोड़ के पास हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दोनों भारी वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा देर रात करीब 2 बजे हुआ। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर चालक केबिन में ही फंस गया और जिंदा जल गया। वहीं दूसरे वाहन के चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गए। इस दौरान दोनों ट्रेलरों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कुछ समय तक NH-220 पर यातायात भी प्रभावित रहा।





