

"मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर DRI ने 5.47 करोड़ रुपये के सोने की तस्करी करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।"
मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सोने की तस्करी के संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। जांच एजेंसी ने लगभग 3.56 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5.47 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह बरामदगी तस्करों के खिलाफ DRI की एक सख्त मुहिम का हिस्सा है।
DRI की मुंबई जोनल यूनिट ने बताया कि तस्करों ने सोने की तस्करी के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। सोने को गोल्ड डस्ट (सोने की धूल) में बदलकर वैक्स के रूप में आठ अलग-अलग कैप्सूल में छिपाकर लाया गया था। फिलहाल, इस मामले में कस्टम्स एक्ट, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पूरे माल को जब्त कर लिया गया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस तस्करी में मस्कट और दुबई से आए दो ट्रांजिट यात्री मुख्य भूमिका निभा रहे थे। इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें यात्री के साथ-साथ एयरलाइन से जुड़े कर्मचारी भी शामिल हैं। DRI ने ऑपरेशन के दौरान एक ऐसे हैंडलर को भी दबोचा है, जो एयरलाइन स्टाफ के साथ मिलकर पूरी तस्करी की साजिश को अंजाम दे रहा था।
फिलहाल, DRI की टीम इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांच अधिकारियों का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि इस सिंडिकेट से और कौन-कौन से चेहरे जुड़े हैं और यह गिरोह कब से सक्रिय था। एजेंसी ने साफ किया है कि तस्करी के इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी कड़ी पूछताछ और कार्रवाई जारी रहेगी।


