

"भोजपुरी स्टार और MLC पवन सिंह ने आरा के बिलौटी गांव पहुंचकर भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का संकल्प लिया।"
बिहार के भोजपुर जिले के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में रविवार देर रात एक बड़ा राजनीतिक मोड़ आया। बिहार विधान परिषद के सदस्य और प्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेता-गायक पवन सिंह अचानक शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव पहुंचे। रात करीब 3 बजे अपने काफिले के साथ पहुंचे पवन सिंह ने पीड़ित परिवार के साथ करीब दो घंटे बिताए।
मुलाकात के दौरान भरत तिवारी की बहन ने पवन सिंह की कलाई पर राखी बांधी और अपने भाई के लिए इंसाफ की गुहार लगाई। इस भावुक पल में पवन सिंह ने परिवार को आश्वस्त किया कि वे भरत तिवारी को न्याय दिलाने की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
भरत तिवारी की मां आशा देवी ने दुख जताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई। गौरतलब है कि 17 जून को पुलिस कार्रवाई के दौरान भरत तिवारी की मौत हो गई थी, जिसे परिजनों ने फर्जी एनकाउंटर करार दिया है। इस मामले में STF जवान अक्षय कुमार की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है और फिलहाल न्यायिक जांच चल रही है।
