

"झारखंड के खूंटी जिले में लेवी मांगने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से देशी रिवॉल्वर और जंगी ऐप बरामद हुआ है।"
झारखंड के खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में लेवी मांगने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। यह कार्रवाई इलाके में अपराध पर लगाम लगाने के लिए की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से कोटांगेर से गरई रोड की ओर हथियार लेकर जा रहा है। इस सूचना के आधार पर तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने बताए गए मार्ग पर कड़ी घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय बजेन्द्र महतो के रूप में हुई है, जो खूंटी के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के निधिया गांव का रहने वाला है। पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से 'जंगी' एप्लीकेशन भी मिला है। पुलिस का दावा है कि इस ऐप का इस्तेमाल प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई (PLFI) के सदस्यों द्वारा लेवी वसूलने के लिए किया जाता रहा है।
इस मामले में रनिया थाना में कांड संख्या 32/26 दर्ज किया गया है और आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार आरोपी तक कैसे पहुंचा और लेवी कांड में उसकी क्या भूमिका थी।



