

"खरसावां के बड़ाबाम्बो चौक के पास देर रात हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को देसी कट्टा और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया है।"
खरसावां थाना क्षेत्र के आमदा ओपी अंतर्गत बड़ाबाम्बो चौक के पास बुधवार देर रात फायरिंग और गाली-गलौज की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, उसमें फंसी एक गोली, दो मोबाइल फोन और दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 1:20 बजे बड़ाबाम्बो चौक के पास दो लोगों द्वारा फायरिंग करने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और तुरंत छापेमारी शुरू की गई। इस दौरान पुलिस ने पोटोबेड़ा निवासी निरंजन दास और खमारडीह निवासी सुनील साहू को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से सुनील साहू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।

गुरुवार शाम सरायकेला थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंस्पेक्टर राजेश टुडू और आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक एक्टिवा स्कूटी और एक एफजेड-5 बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस अब यह खंगालने में जुटी है कि इस सनसनीखेज वारदात के पीछे असल वजह क्या थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।





