

"झारखंड के गिरिडीह स्थित खंडोली डैम में एक कथित प्रेमी जोड़े को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें युवक द्वारा युवती की मांग में सिंदूर भरवाए जाने का दावा किया जा रहा है।"
झारखंड के गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खंडोली डैम में एक कथित प्रेमी जोड़े को लेकर हंगामे का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक से युवती की मांग में सिंदूर भरवाए जाने का दावा किया जा रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित युवक बेंगाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि युवती डुमरी थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। युवती फिलहाल बेंगाबाद क्षेत्र में अपनी बहन के घर आई हुई थी और इसी दौरान वह युवक के साथ खंडोली डैम घूमने पहुंची थी।

खंडोली डैम में दोनों के मौजूद होने की भनक लगते ही युवती के परिजन मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच पूछताछ के दौरान ही कथित तौर पर युवक से युवती की मांग भरवाने की बात सामने आई, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्या यह शादी आपसी सहमति से हुई या भीड़ के दबाव में कराई गई। इस संबंध में स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है।





