

"गिरिडीह के पीरटांड़ में आयोजित मरांग बुरु महाधर्मसम्मेलन में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से संवाद किया और उनके साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साहवर्धन किया।"
गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन में आयोजित मरांग बुरु घोरोमगाड़ महाधर्मसम्मेलन में गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन का बेहद सहज और मिलनसार अंदाज देखने को मिला। सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचीं कल्पना सोरेन ने औपचारिक मुलाकातों से आगे बढ़कर सीधे महिलाओं के बीच समय बिताया और उनसे आत्मीयता के साथ बातचीत की। मधुबन स्थित जुग जाहेर थान में मरांग बुरु की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए इस दो दिवसीय धर्म महासम्मेलन में देश-विदेश से आदिवासी धर्मगुरु, सामाजिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य आदिवासी धर्म, संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक पहचान को मजबूती प्रदान करना तथा समाज में आपसी एकजुटता का संदेश देना है।


सम्मेलन परिसर में पहुंचने पर जब विधायक कल्पना सोरेन ने महिलाओं से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना, तो वहां मौजूद महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जिस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए सेल्फी ली और इस मुलाकात को सभी के लिए यादगार बना दिया। महिलाओं के साथ उनकी यह आत्मीय बातचीत और सरल व्यवहार इस पूरे आयोजन के दौरान मुख्य चर्चा का विषय रहा। धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के इस बड़े मंच पर उनकी सक्रिय भागीदारी और महिलाओं के साथ सीधे संवाद ने कार्यक्रम में एक नई ऊर्जा भर दी है।






