

"झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच जेएमएम ने भाजपा पर निशाना साधा है।"
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर स्पष्ट किया है कि हेमंत सोरेन सरकार किसी भी दोषी को बख्शने वाली नहीं है और भविष्य में इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
JMM का आरोप है कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुई घटनाओं से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा राज्य में 'बाहरी कोचिंग माफिया' का सहारा लेकर राजनीतिक खेल खेल रही है। पार्टी के अनुसार, राज्य की जनता इस रणनीति से पूरी तरह वाकिफ है।
विवाद के बीच JMM ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी का दावा है कि पिछली सरकार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्रियों के करीबियों को नौकरियां दी गई थीं, जिसे अब छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। हेमंत सरकार ने दोहराया है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई तो कानून के दायरे में रहकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





