

"झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से राज्यव्यापी सुधार यात्रा की शुरुआत की।"
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं से जुड़ी कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन अब एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है। JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने सोमवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' का शंखनाद किया।
यात्रा की शुरुआत देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में हुई, जिन्होंने खुद प्रचार वाहन की कमान संभाली। इस दौरान रामगढ़ के नेमरा से गोला चौक तक एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। छात्र नेताओं ने सरकार पर छात्रों के साथ विश्वासघात करने का गंभीर आरोप लगाया है।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, 'सरकार ने न्यायालय के समक्ष छात्रों का पक्ष मजबूती से नहीं रखा। हमारी मांग है कि भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली की CBI जांच कराई जाए।' मंच के संयोजक राम अवतार महतो ने बताया कि यह यात्रा राज्य के सभी जिलों से होकर गुजरेगी और अंत में रांची में एक बड़े विरोध प्रदर्शन के साथ इसका समापन होगा।
इस अवसर पर युमी हबीबा, पूजा महतो, प्रेम नायक, कुश महतो, खुशबू कुमारी सहित कई छात्र नेता और अभिभावक उपस्थित रहे। यह यात्रा अब अगले पड़ाव यानी हजारीबाग जिले की ओर बढ़ रही है।





