

"JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर जारी आंदोलन के बीच देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचा।"
रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच आज का दिन बेहद अहम है। शनिवार को मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार और JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता शुरू होने जा रही है।
देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में 8 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक निगरानी के बीच बैठक स्थल पर पहुंच चुका है। यह वार्ता इन भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की मांगों पर केंद्रित होगी। गौरतलब है कि JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो अपनी मांगों के समर्थन में पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, जिससे सरकार पर दबाव बना हुआ है।
शुक्रवार को भी सरकार ने आंदोलनकारी छात्रों के एक अन्य गुट के साथ चर्चा की थी, हालांकि उस बैठक में कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आज की इस उच्च स्तरीय वार्ता से छात्रों और सरकार के बीच चल रहा यह गतिरोध समाप्त हो पाएगा।





