

"झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा विवाद को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शांति और संवाद की अपील की है।"
रांची में JPSC और JSSC परीक्षा विवाद को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है। विधानसभा घेराव और पुलिस कार्रवाई के बाद उपजे तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मुख्यमंत्री ने छात्रों से संयम बरतने की अपील की है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना छात्रों का अधिकार है और सरकार उनकी चिंताओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने आश्वासन दिया कि झारखंड की सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और जवाबदेह बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, 'दोषी चाहे कोई भी हो, सरकार ने किसी को नहीं बख्शा है और भविष्य में भी पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा।'
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने छात्रों को सचेत करते हुए कहा कि वे किसी भी राजनीतिक नैरेटिव या विपक्ष के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा, 'आप झारखंड का भविष्य हैं। आपकी आवाज को नजरअंदाज करना नहीं, बल्कि उसका समाधान निकालना हमारी प्राथमिकता है।' मुख्यमंत्री ने अंत में संवाद के माध्यम से इस पूरे मुद्दे का स्थायी समाधान निकालने की बात दोहराई है।





