

"राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच एक युवक टावर पर चढ़ गया, जिसे 8 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया।"
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे JPSC और JSSC छात्र आंदोलन के दौरान शनिवार देर रात एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। आंदोलन में शामिल एक युवक अचानक स्टेडियम परिसर में लगे हाईमास्ट लाइट टावर पर चढ़ गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
युवक की पहचान लातेहार निवासी हीरा लाल के रूप में हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आठ घंटे की लंबी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता पाई। टावर पर चढ़ने के दौरान युवक ने रोजगार और सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने की मांग की थी। अंततः उसकी पत्नी के समझाने के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना भेज दिया है, जहाँ उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। कुछ लोगों ने युवक के नशे में होने की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस का कहना है कि आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।





