

"झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राजधानी रांची में हजारों छात्रों ने विशाल प्रदर्शन किया और अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान किया।"
झारखंड की राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला। JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और लंबित नियुक्तियों के विरोध में हजारों की संख्या में अभ्यर्थी एकजुट हुए।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक निकाली गई इस 'संविधान यात्रा' में छात्रों ने हाथों में तिरंगा, संविधान की प्रति और भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीरें लेकर सरकार और आयोग के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि उनकी लड़ाई किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि पारदर्शी और समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए है।
आंदोलनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि वर्षों से चली आ रही भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण राज्य के हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। छात्रों ने अब जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम को स्थायी आंदोलन स्थल के रूप में घोषित किया है और बुधवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी है। यदि सरकार और आयोग द्वारा मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तो इस आंदोलन को पूरे झारखंड में और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।





