

"झारखंड के पलामू जिले का एक युवक बहन की शादी में घर लौटने के चक्कर में दुबई में फंस गया है और पिछले तीन महीने से जेल में बंद है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उसकी सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।"
झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद ही मार्मिक मामला सामने आया है, जहां हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दादरा गांव का रहने वाला 23 वर्षीय शशि कुमार पासवान वर्तमान में दुबई की जेल में कैद है। परिवार के अनुसार, शशि अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए भारत लौटना चाहता था, लेकिन कथित तौर पर एक दलाल के चक्कर में फंसने के कारण वह विदेशी कानून के शिकंजे में आ गया। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शशि कुमार पासवान वर्ष 2025 में रोजगार के सिलसिले में दुबई गया था और वहां एक कंपनी में अनुबंध पर काम कर रहा था। इसी दौरान परिवार ने उसकी छोटी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय की। बहन के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए शशि ने घर लौटने की इच्छा जताई थी। आरोप है कि इसी उधेड़बड़ में वह एक स्थानीय दलाल के संपर्क में आया, जिसने उसे आसानी से स्वदेश भेजने का झांसा दिया और उससे कथित तौर पर पैसे भी ऐंठे।

शशि के पिता ललन पासवान ने हुसैनाबाद थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपने बेटे की सुरक्षित रिहाई के लिए मदद की गुहार लगाई है। पिता का आरोप है कि प्रशासनिक कार्रवाई और दलाल की धोखाधड़ी के चलते उनका बेटा दुबई की जेल में पहुंच गया। वहीं, शशि की पत्नी सुमित्रा ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि उनके पति ने उन्हें यह जानकारी दी थी कि एक कथित टेलीग्राम मामले में दलाल ने उन्हें साजिश के तहत फंसाया है और वह पिछले तीन महीने से जेल में बंद हैं।
विदेश में बेटे के इस तरह अचानक जेल जाने की खबर से पूरा परिवार गहरे सदमे और मानसिक तनाव में है। हालांकि, अभी तक यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यूएई (UAE) प्रशासन द्वारा शशि के खिलाफ किस कानूनी धारा के तहत कार्रवाई की गई है और वहां की कानूनी प्रक्रिया क्या है। पीड़ित परिवार अब सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों से यह उम्मीद लगाए बैठा है कि वे इस मामले में संज्ञान लेंगे और शशि कुमार पासवान की भारत वापसी का मार्ग प्रशस्त करेंगे।



