

"झारखंड हाईकोर्ट में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई है। मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा 23 सितंबर को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।"
झारखंड हाईकोर्ट को जल्द ही तीन नए न्यायाधीश मिलने जा रहे हैं। मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा 23 सितंबर को झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना के अनुसार, यह शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10:15 बजे हाईकोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित किया जाएगा। ये तीनों न्यायिक अधिकारी वर्तमान में विभिन्न जिलों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें मनोज प्रसाद गढ़वा, अखिल कुमार साहिबगंज और राम शर्मा डालटनगंज (पलामू) शामिल हैं।
बता दें कि इन तीनों नामों की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 10 सितंबर को हुई बैठक में की थी, जिसे केंद्र सरकार ने 19 सितंबर को मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी कर दी थी। राष्ट्रपति की मुहर लगने के बाद इनकी नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ। इन तीन नए जजों के शपथ ग्रहण के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो जाएगी, जबकि यहां न्यायाधीशों के कुल 25 पद स्वीकृत हैं।






