

"आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में झारखंड ने बड़ा कदम उठाया है। नई दिल्ली में आयोजित Microsoft AI Infrastructure Summit में राज्य में क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने पर चर्चा हुई।"
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में झारखंड सरकार ने अपनी तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाते हुए एक अहम कदम उठाया है। नई दिल्ली में 21 सितंबर को आयोजित 'Microsoft AI Infrastructure Summit' में झारखंड के सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव पूजा सिंघल के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने माइक्रोसॉफ्ट की पब्लिक सेक्टर टीम के शीर्ष अधिकारियों के साथ झारखंड में AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की, जिसका उद्देश्य सरकारी सेवाओं की डिलीवरी को और अधिक प्रभावी बनाना है।
बैठक के दौरान राज्य स्तर पर एक समर्पित AI/Data Platform विकसित करने पर विशेष मंथन किया गया, जो विभिन्न विभागों के डेटा को एकीकृत कर डेटा आधारित निर्णय लेने में मदद करेगा। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खनन और नागरिक सेवाओं जैसे क्षेत्रों में AI के उपयोग के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता और सरकारी कर्मचारियों की स्किलिंग पर भी जोर दिया गया। माइक्रोसॉफ्ट के साथ यह साझेदारी झारखंड के डिजिटल इकोसिस्टम को एक नई दिशा देने में मददगार साबित होगी।






