

"बिहार के जमुई में 10वीं की छात्रा के साथ सड़क पर अभद्र व्यवहार और बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।"
बिहार के जमुई जिले से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा और उसके सहपाठी के साथ सड़क पर कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक दोनों को रोककर परेशान करते नजर आ रहे हैं, जबकि डमी सहमी छात्रा हाथ जोड़कर उन्हें छोड़ने की बार-बार गुहार लगा रही है। यह सनसनीखेज घटना बीते 19 सितंबर की शाम की बताई जा रही है, जिसके बाद से इलाके में रोष व्याप्त है।
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग छात्र और छात्रा कोचिंग से अपनी स्कूटी पर सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान जमुई थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ इलाके के पास कुछ उपद्रवी युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान छात्र के साथ मारपीट की गई और छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस पूरी घिनौनी हरकत का किसी ने वीडियो बना लिया, जो कुछ दिनों बाद इंटरनेट पर वायरल हो गया और पुलिस तक जा पहुंचा।

वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस हरकत में आई और तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। इस गंभीर मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी शिकंजा कसा है।
इसके साथ ही, पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर इस आपत्तिजनक वीडियो को प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने वीडियो को विभिन्न प्लेटफॉर्म से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसे शेयर करने वाले अकाउंट्स की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच तेजी से जारी है।
No similar articles found.