

"झारखंड के जामताड़ा जिले में पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पीएनबी और यूको बैंक के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।"
झारखंड के साइबर अपराध के गढ़ कहे जाने वाले जामताड़ा जिले में पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। नारायणपुर थाना क्षेत्र में विभिन्न ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार शातिर साइबर अपराधियों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 11 स्मार्टफोन और 15 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने पतरोडीह और चिरूडीह के पास कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलबहार अंसारी, सहबाज अंसारी, वन्द प्रकाश दास और आनन्द दास के रूप में हुई है, जो सभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।


प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और यूको बैंक के नाम पर ग्राहकों को फोन कर KYC अपडेट कराने या क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्याओं का झांसा देते थे। लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए वे मोबाइल पर एक विशेष APK फाइल डाउनलोड करवाते थे, जिसके जरिए पीड़ितों की गोपनीय बैंकिंग जानकारी और ओटीपी चुरा ली जाती थी। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 70/26 के तहत बीएनएस (BNS), आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन ठगों का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था और इनके अन्य सहयोगियों तथा बैंक खातों की गहराई से जांच की जा रही है।






