

"जमशेदपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।"
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। गैस कटर की मदद से कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले चार लोगों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं, जिनकी मौके पर ही स्थिति गंभीर होने के कारण मौत हो गई थी।

इस दर्दनाक हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की भी जान चली गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य मृतकों के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि संतान को खोने का दुख किसी भी परिवार के लिए असहनीय होता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार किन परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई। इस हादसे के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।





