

"मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत रामगढ़ के अनूप बेसरा के कान के इलाज के लिए 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।"
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए रामगढ़ जिले के बेराटांड़ स्थित भरेच नगर निवासी अनूप बेसरा के कान के इलाज के लिए 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया है। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत यह चिकित्सा अनुदान स्वीकृत किया गया है, जिससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इस पूरी सहायता के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं महज 48 घंटे के भीतर पूरी कराई गईं।
बता दें कि करीब छह वर्षीय अनूप बेसरा का इलाज वर्तमान में तमिलनाडु के वेल्लौर स्थित प्रतिष्ठित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) में चल रहा है। चिकित्सकों ने बच्चे के आंतरिक कान (इंटरनल ईयर) को बदलने की सलाह दी है, जिस पर भारी-भरकम खर्च आना था। इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ होने के कारण अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर आर्थिक सहायता की गुहार लगाई थी।

रामकिशुन बेसरा ने कुछ दिनों पहले नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपने बेटे के इलाज के लिए मदद मांगी थी। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद रामगढ़ जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 48 घंटे के भीतर अनुदान राशि का चेक पीड़ित परिवार को सौंप दिया।
आर्थिक सहायता मिलने पर अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मदद से उनके बेटे के इलाज का रास्ता साफ हो गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री इन दिनों अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सिलसिले में अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलकर अपनी समस्याएं रख रहे हैं और सीएम हरसंभव मदद का भरोसा दे रहे हैं।





