

"झारखंड के गिरिडीह में खुद को पुलिसकर्मी बताकर चार अपराधियों ने एक महिला को ठगी का शिकार बनाया और साढ़े तीन लाख के सोने के गहने लेकर फरार हो गए।"
झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सिहोडीह में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां चार बाइक सवार बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला को झांसे में लिया और उनसे करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर ऐंठ लिए। अपराधियों की इस शातिर हरकत से इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना के समय पीड़िता सीमा देवी पूजा का सामान खरीदने के लिए घर से बाहर निकली थीं। उसी दौरान पहले से उनकी रेकी कर रहे चार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और खुद को स्थानीय थाना का पुलिसकर्मी बताया। आरोपियों ने महिला को इलाके में मारपीट की घटनाओं का हवाला देकर डराया और सुरक्षा के नाम पर सोने के जेवर उतारकर सुरक्षित रखने का दबाव बनाया।

बदमाशों की बातों में आकर महिला ने जैसे ही अपने जेवर उतारे, अपराधियों ने उन्हें कागज में लपेटने का नाटक किया। इसी दौरान बड़ी ही सफाई से उन्होंने असली जेवर वाली पुड़िया बदलकर महिला को नकली पुड़िया थमा दी। जब तक महिला को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी अपनी बाइक से मौके से फरार हो चुके थे।
मामले की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फिलहाल, पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार अपराधियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है।





