

"झारखंड के गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड स्थित जयंती नदी में गहरे पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में मातम छा गया है।"
गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड के मेढ़ो इलाके में मंगलवार की शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। जयंती नदी के गहरे पानी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और गांधीनगर क्षेत्र में मातम पसर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांडेय गांधीनगर के चार बच्चे शाम करीब पांच बजे दो साइकिलों पर सवार होकर घूमने निकले थे। काफी देर तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने नदी के किनारे दो साइकिलें, बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े देखे, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरी हो गई।

नदी का पानी गहरा होने के कारण स्थानीय लोग तुरंत पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना मिलने पर गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोताखोरों की एक टीम को बुलाया गया, जिन्होंने रात करीब पौने नौ बजे नदी में तलाश अभियान शुरू किया।
महज 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाल लिए। मृतकों की पहचान अंश (14), आदित्य बरनवाल (14) और श्रेयांश (12) के रूप में हुई है, जो सभी गांडेय गांधीनगर के रहने वाले थे। एक साथ तीन बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है और पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





