

"सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। अलसुबह से ही 'बोल बम' के जयघोष से पूरा देवघर गूंज उठा है।"
सावन की अंतिम सोमवारी के मौके पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। राजकीय श्रावणी मेला के समापन की ओर बढ़ते हुए, भक्तों का हुजूम बाबा के दर्शन और जलार्पण के लिए उमड़ पड़ा है।
मंदिर के पट सुबह 4:13 बजे खुलते ही जलार्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रात 2 बजे से ही कांवरियों की कतार नंदन पहाड़ तक पहुंच गई थी। भगवा वस्त्र धारण किए हजारों कांवरिए 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के नारों के साथ कतारबद्ध होकर बाबा के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं।
सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। रूट लाइन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरा झारखंड और विशेषकर देवघर नगरी इस समय पूरी तरह से शिवमय हो गई है।





