

"झारखंड के चर्चित शराब टेंडर मामले में दूसरे समन पर ED ने पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव के पुत्र रोहित उरांव से कथित वित्तीय लेन-देन और पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश से संबंधों को लेकर पूछताछ शुरू की।"
रांची: झारखंड के बहुचर्चित शराब टेंडर घोटाले की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रांची स्थित कार्यालय में पेश हुए।
एजेंसी ने उन्हें दूसरा समन जारी किया था, जिसके बाद वे सुबह करीब 11 बजे ED दफ्तर पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान ED को ऐसे ठोस दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जो रोहित उरांव और झारखंड के चर्चित पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश के बीच शराब टेंडर को लेकर बड़े पैमाने पर धन के लेन-देन की ओर इशारा करते हैं।
बताया जा रहा है कि यह लेन-देन कुछ वर्ष पूर्व हुआ था और इसकी बड़ी राशि बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर की गई थी। इससे पहले शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में रोहित उरांव के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की गई थी, जहां से जब्त दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइस की जांच में कई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का पता चला था।
पहले समन पर पेश नहीं होने के बाद ED ने दूसरा समन भेजा था। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान शराब टेंडर, कथित वित्तीय लेन-देन और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर कई अहम सवाल पूछे जाएंगे। ED की इस कार्रवाई पर राजनीतिक हलकों की भी पैनी नजर बनी हुई है।





