

"झारखंड के धनबाद में शिक्षकों की पोस्टिंग में कथित भ्रष्टाचार और पैसे के लेन-देन के विरोध में अरूप चटर्जी मंगलवार से समाहरणालय परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।"
झारखंड के धनबाद जिले में शिक्षकों के पदस्थापन को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है.अरूप चटर्जी ने शिक्षा विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए मंगलवार से धनबाद समाहरणालय परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है। विधायक का आरोप है कि पिछले एक साल से वे जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से स्कूलों में छात्र-शिक्षक अनुपात की जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक पूरी और स्पष्ट सूची नहीं दी गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक बच्चों और शिक्षकों का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आएगा, तब तक शिक्षा व्यवस्था को कैसे सुधारा जा सकता है।


विधायक अरूप चटर्जी ने लगभग 700 शिक्षकों की सूची का हवाला देते हुए शहरी और ग्रामीण स्कूलों में पोस्टिंग के नाम पर भारी अनियमितता और पैसे के लेन-देन का गंभीर आरोप लगाया है। उनकी मुख्य मांग है कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर किया जाए और नियमों का पालन करते हुए शहरी क्षेत्रों में लंबे समय से जमे शिक्षकों को ग्रामीण इलाकों में भेजा जाए। विधायक ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक शिक्षा विभाग इन मामलों में पारदर्शी कार्रवाई और ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक उनका यह आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रहेगी।








