

"धनबाद के झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की।"
झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। ऊपर कुल्ही के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 28 वर्षीय जहांगीर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और कई वाहनों के साथ पुलिस के गश्ती वाहनों में भी तोड़फोड़ की। टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश कर रहा ट्रक अनियंत्रित होकर एक गुमटी में जा घुसा, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।


घटना की सूचना मिलते ही सिंदरी एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि परिजनों और स्थानीय लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है। मृतक जहांगीर झरिया मेन रोड पर डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था और उसके परिवार में पत्नी व एक छोटा बच्चा है, जिनकी इस अचानक हुई त्रासदी से रो-रोकर बुरी हालत है।






