

"झारखंड के धनबाद में भूली मोड़ गोलीकांड के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस के साथ देर रात भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में दो अपराधियों के पैरों में गोली लगी और चार को गिरफ्तार कर लिया गया।"
झारखंड के धनबाद जिले में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लिया है। ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच आमना-सामना हो गया, जो एक भीषण मुठभेड़ में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह पूरी कार्रवाई चर्चित भूली मोड़ गोलीबारी कांड के आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाई जा रही थी। पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि इस वारदात में शामिल कुछ अपराधी ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के धोबीकाटा बंद आंगनबाड़ी केंद्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली।

पुलिस को अपने करीब आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। इस पुलिसिया कार्रवाई में भूली निवासी चंदन ठाकुर और वासेपुर निवासी प्रिंस कुमार के पैरों में गोली जा लगी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने मौके से तुरंत कार्रवाई करते हुए जोधन ठाकुर और आमिर कुरैशी को भी दबोच लिया।
घायल दोनों अपराधियों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर दो अन्य अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और इलाके में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।





