

"झारखंड के गढ़वा जिले में एक नवविवाहिता और एक बच्ची की कथित गलत इंजेक्शन से मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया है। उपायुक्त पी. एन. मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित दवा दुकान को बंद करने व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।"
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड में कथित गलत इलाज और इंजेक्शन लगाने से दो लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में है। एक नवविवाहिता और एक बच्ची की मौत के बाद उपायुक्त पी. एन. मिश्रा स्वयं जांच के लिए मौके पर पहुंचे और संबंधित दवा दुकान का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, नवविवाहिता पूनम देवी और बच्ची ब्यूटी कुमारी की इंजेक्शन लगने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने इलाज करने वाले कथित चिकित्सक और दवा दुकान संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तलब किया और मौके पर पहुंचकर जांच की।


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित दवा दुकान को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक बंद रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच पूरी होने तक वहां किसी भी प्रकार की दवा बिक्री, चिकित्सकीय परामर्श या इलाज नहीं किया जाएगा। आदेश की अवहेलना करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने थाना प्रभारी को प्राथमिकी के आधार पर संबंधित दवा दुकान संचालक और कथित चिकित्सक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई तथा गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और चिकित्सा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


