

"झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को परिवार संग खुद कार ड्राइव कर जोन्हा फॉल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया और पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।"
रांची की राजनीतिक और प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का एक अलग और सहज अंदाज देखने को मिला। मुख्यमंत्री खुद कार ड्राइव करते हुए राजधानी से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे। इस अनौपचारिक यात्रा में उनके साथ गांडेय की विधायक और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन व परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
जोन्हा फॉल पहुंचकर मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक वादियों के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताए। उन्होंने वहां के स्थानीय फलों का स्वाद लिया और झरने की सुंदरता को करीब से निहारा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय ग्रामीणों से आत्मीयता से बातचीत की। अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए और कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

अपनी यात्रा के बाद हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर झारखंड की प्राकृतिक संपदा का जिक्र करते हुए कहा, 'राज्य की निर्मल जलधाराएं, घने जंगल और शांत पहाड़ हमारी असली पहचान हैं।' उन्होंने आम नागरिकों से अपनी साझा प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखने की अपील की और देशभर के पर्यटकों को राज्य की खूबसूरती देखने के लिए आमंत्रित किया।
बता दें कि मानसून के इस मौसम में झारखंड के जलप्रपात पूरे शबाब पर हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल पर्यटन को बढ़ावा देने का एक सकारात्मक संकेत है, बल्कि राज्य की प्राकृतिक विरासत को संजोने के प्रति लोगों को जागरूक करने की एक बड़ी पहल भी मानी जा रही है।




