

"झारखंड के चतरा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस कार्रवाई में एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से नकद, एटीएम कार्ड और वाहन बरामद किए गए हैं।"
झारखंड के चतरा में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को 2 नवंबर को एक शिकायत मिली थी, जिसमें नौकरी का झांसा देकर पीड़ित से बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड ठगने की बात सामने आई थी। जांच में पता चला कि इन खातों में साइबर ठगी की अवैध रकम ट्रांसफर की जाती थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर एक महिला समेत पांच आरोपियों को दबोच लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्कान प्रवीण, मनीष कुमार, दीपक कुमार पासवान, इमामुल अंसारी और सोनू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 3 लाख 70 हजार रुपये नकद, 15 एटीएम कार्ड, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सिम कार्ड, सोने की चेन, तीन कलाई घड़ियां और दो वाहन (एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल) बरामद किए हैं। इस सफल कार्रवाई में सदर थाना पुलिस और तकनीकी सेल के अधिकारी शामिल रहे। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस साइबर ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।






