

"पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में युवती की चाकू से गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग और शादी से इनकार का विवाद सामने आया है।"
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में एक युवती की धारदार चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अनिल कुमार बिन्द को दबोच लिया है। मृतका की पहचान अनिता बिन्द (29) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की रहने वाली थी, जबकि आरोपी उत्तर प्रदेश के ही मिर्जापुर का रहने वाला है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया और एएसपी सह एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के निर्देशन में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस को दी गई शिकायत में सोनभद्र जिले के ओबरा निवासी आदर्श कुमार बिन्द ने आरोप लगाया था कि अनिल कुमार बिन्द ने उनकी बहन अनिता की बेरहमी से हत्या कर दी है।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर चक्रधरपुर के शीतला मंदिर ग्वालापट्टी स्थित संजय साह के मकान पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनिल कुमार बिन्द गिरफ्तारी से बचने के लिए उसी मकान की चौथी मंजिल पर छिपकर बैठा था, जहां से पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसका पिछले दो-तीन साल से अनिता के साथ प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। अनिता द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद आरोपी गुस्से में आ गया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

