

"बोकारो के चंदनक्यारी स्थित भोजूडीह में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रशेखर गुप्ता को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।"
बोकारो के चंदनक्यारी स्थित भोजूडीह में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल के भोजूडीह में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (CHI) चंद्रशेखर गुप्ता को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक रेलवे कर्मचारी से मेडिकल लीव स्वीकृत करने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे के सफाईकर्मी बासु हाड़ी ने बीमारी के कारण मेडिकल लीव के लिए आवेदन दिया था। छुट्टी स्वीकृत करने के एवज में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रशेखर गुप्ता ने उनसे 25 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित कर्मचारी द्वारा मामले की शिकायत सीबीआई से की गई, जिसके बाद एजेंसी ने मामले का सत्यापन किया और एक विशेष ट्रैप की योजना बनाई।

योजना के मुताबिक, सीबीआई की टीम ने शिकायतकर्ता को 10 हजार रुपये की पहली किश्त लेकर भेजा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की यह रकम स्वीकार की, वहां पहले से तैनात सीबीआई अधिकारियों ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसर की भी तलाशी ली, जहां दस्तावेजों की गहन जांच की गई है।
सीबीआई की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद आद्रा रेल मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत धनबाद स्थित सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। इस मामले में सीबीआई की जांच अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





