

"मांड्या में मंदिर दर्शन को लेकर हुए विवाद के बाद BJP विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या पर महिला पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है।"
कर्नाटक के मांड्या जिले के श्रीरंगपटना से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि यह हरकत तुमकुरु ग्रामीण से BJP विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या ने की है।
घटना 12 अगस्त की है, जब श्रीरंगपटना के अरथी उक्कड़ा मंदिर में भीमा अमावस्या के मौके पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था थी। ड्यूटी पर तैनात PSI सविता बी. पाटिल ने अपनी शिकायत में कहा कि मंदिर में दर्शन में देरी को लेकर ऐश्वर्या से उनका विवाद हुआ। आरोप है कि बहस के दौरान ऐश्वर्या ने उनके साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उन्हें थप्पड़ भी जड़ दिया।
कायथनहल्ली पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, FIR दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी ऐश्वर्या न केवल BJP विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी हैं, बल्कि वह एक ACP की पत्नी भी बताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
No similar articles found.