

"झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के देश विरोधी और भड़काऊ बयान पर रांची के अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।"
झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने रांची के अरगोड़ा थाने में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ देश की संप्रभुता और अखंडता को खतरे में डालने वाले बयान को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दीपक प्रकाश ने मंत्री पर भारतीय सेना को चुनौती देने और बांग्लादेश तथा नेपाल की तर्ज पर भारत में अराजकता फैलाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि डॉ. अंसारी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि राज्य की शांति व्यवस्था बनी रहे।


दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि यह बयान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी के इशारे पर दिया गया है और इसके जरिए देश में अस्थिरता पैदा करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में जल्द एक्शन नहीं लिया, तो भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। इस दौरान थाने में दीपक प्रकाश के साथ वरुण साहू, आरती कुजूर, सुधीर श्रीवास्तव समेत दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।






