

"रांची में नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित मैराथन दौड़ को मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिखाई हरी झंडी, युवाओं से स्वस्थ झारखंड बनाने की अपील की।"
झारखंड को नशामुक्त बनाने के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से राजधानी रांची में एक विशाल मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुआ।
राज्य के विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राज्य के युवा नशामुक्ति के इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि नशामुक्त झारखंड का निर्माण ही सरकार की प्राथमिकता है।

यह मैराथन दौड़ बापू वाटिका से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक आयोजित की गई। इस दौड़ में स्कूली छात्र-छात्राओं, कॉलेज के युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समापन समारोह के दौरान मंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
आयोजन के अंत में साइकिल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पुरुष वर्ग में शरद अहीर, सुभाष उरांव और गुलशन डूंगडूंग ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में पूजा सिंह, निशा कुमारी और मंजू कुमारी ने बाजी मारी। कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी भी चर्चा का विषय रही।





