

"अयोध्या में 10वें भव्य दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाटों पर 36 लाख से अधिक दीये जलाए गए। इस ऐतिहासिक अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।"
भगवान राम की नगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के अवसर पर शनिवार को ऐतिहासिक और अलौकिक नजारा देखने को मिला। सरयू नदी के किनारे बने 56 घाटों पर 35 हजार से अधिक स्वयंसेवकों की मदद से 36 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाए गए, जिससे पूरी रामनगरी रोशनी से जगमगा उठी। इस भव्य आयोजन की शुरुआत उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में हुई। राम की पैड़ी से लेकर सरयू तट तक का यह दृश्य ऐसा था, मानो आसमान से तारे जमीन पर उतर आए हों।


इस बार के दीपोत्सव में परंपरा और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां लगभग 2,100 ड्रोन की मदद से आसमान में रामायण के प्रसंगों और राम दरबार की सुंदर आकृतियां उकेरी गईं। इसके साथ ही भव्य लेजर शो, 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और आतिशबाजी ने देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीयों के साथ शुरू हुआ यह सफर आज वैश्विक सांस्कृतिक और पर्यटन उत्सव का रूप ले चुका है, जो भारतीय विरासत की ख्याति को पूरी दुनिया में फैला रहा है।






