

"झारखंड के साहिबगंज में आरपीएफ ने ब्रह्मपुत्र मेल से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र के साथ पाकिस्तानी और नेपाली करेंसी भी बरामद हुई है।"
झारखंड के साहिबगंज जिले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ के अनुसार, पकड़ा गया 26 वर्षीय युवक मोहम्मद सुमोन मियां कथित तौर पर बांग्लादेशी नागरिक है। उसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र के साथ-साथ पाकिस्तानी और नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं।
यह पूरी घटना 8 अक्टूबर की रात की है, जब ट्रेन संख्या 15657 (ब्रह्मपुत्र मेल) मिर्जाचौकी और करमटोला स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान अज्ञात कारणों से ट्रेन की आपातकालीन चेन खींच दी गई। चेन पुलिंग की सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान तुरंत हरकत में आए और संबंधित बोगी में पहुंचकर यात्रियों की जांच शुरू की, जहां इस संदिग्ध युवक की गतिविधियां संदिग्द पाई गईं।

आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान युवक के पास से दो मोबाइल फोन, एक बांग्लादेशी पहचान पत्र और विदेशी करेंसी (पाकिस्तानी और नेपाली रुपए) मिली है। शुरुआती पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर यह खुलासा किया है कि उसकी योजना गुवाहाटी के रास्ते अवैध तरीके से बांग्लादेश वापस जाने की थी। हालांकि, उसके बयानों की सत्यता की जांच की जा रही है।
फिलहाल, आरपीएफ ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और केंद्रीय तथा राज्य स्तर की जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक भारत में कैसे दाखिल हुआ और उसका असली मकसद क्या था। साहिबगंज आरपीएफ इंस्पेक्टर सिमरन चौधरी के अनुसार, दस्तावेजों और नागरिकता की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।





