

"बिहार के सीवान जिले में एक निजी स्कूल के क्लासरूम में छात्र की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।"
सीवान जिले के एक निजी स्कूल का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्र मिलकर एक सहपाठी की बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। यह घटना लकड़ी नवीगंज थाना क्षेत्र के मदारपुर-किशनपुरा स्थित मदर डिवाइन स्कूल की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में मदारपुर और लखनौरा गांव के छात्रों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कई छात्र मिलकर एक बच्चे को घेरकर पीट रहे हैं। इस घटना ने स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए लकड़ी नवीगंज थाने की थानाध्यक्ष सविता कुमारी ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पीड़ित पक्ष से मिली शिकायत के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रश्न यह उठ रहा है कि क्लासरूम के अंदर मारपीट की घटना के दौरान वहां कोई शिक्षक या जिम्मेदार व्यक्ति क्यों मौजूद नहीं था?




