

"खगड़िया में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने छीनी गई पिस्टल और मोबाइल बरामद कर लिया है।"
बिहार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत खगड़िया पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के कुर्बन गांव में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
पुलिस अधीक्षक भानू प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की शुरुआत तब हुई जब पुलिस वाहन जांच के दौरान तीन संदिग्ध बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की और एक अधिकारी की सरकारी पिस्टल व मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
देर रात की गई छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार ने पुलिस टीम पर पुनः हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। गोली लगने से घायल हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई सरकारी पिस्टल और मोबाइल बरामद कर लिया है। एसपी भानू प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रहे। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।





