

"हजारीबाग के चरही-बेस रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर अचानक आए ट्रैक्टर-ट्रॉली से वंदे भारत एक्सप्रेस की टक्कर हो गई, जिससे ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।"
झारखंड के हजारीबाग में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस उस वक्त दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गई, जब चरही-बेस रेलवे स्टेशन के बीच अचानक ट्रैक पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर भारी मात्रा में लकड़ी लदी हुई थी। ट्रेन की गति अधिक होने के कारण जोरदार टक्कर हुई, जिससे वंदे भारत एक्सप्रेस के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि गनीमत यह रही कि किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस दुर्घटना के कारण ट्रेन परिचालन पर भी गहरा असर पड़ा है। फिलहाल, रेलवे प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची। रेलवे की ओर से पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही को रोका जा सके।





